उत्तराखंड में बड़ा हादसा: बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके में एक बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है. बद्रीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरने वाला एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है. घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गए हैं. 

जोशीमठ के पास दिखा धुआं

चमोली जिला प्रशासन के मुताबिक, हेलीकॉप्टर के अचानक लापता होने के बाद जोशीमठ के पास चाईन गांव के आसपास धुआं उठता दिखाई दिया. इसके बाद प्रशासन ने दुर्घटना की आशंका जताते हुए खोज अभियान तेज कर दिया. लापता हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए एक दूसरे हेलीकॉप्टर की मदद से हवाई खोज टीम भेजी गई है. फिलहाल हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है.

दोपहर में बद्रीनाथ से भरी थी उड़ान

शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1 बजकर 12 मिनट पर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी. बताया जा रहा है कि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्र से गुजरते समय हेलीकॉप्टर का संपर्क अचानक टूट गया. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई. जिस इलाके में हादसे की आशंका है, वहां मौसम भी खराब हो रहा था.

CM धामी ने लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF, SDRF और उत्तराखंड पुलिस की टीमें दुर्घटना की आशंका वाली जगह की ओर रवाना कर दी गई हैं. जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे की खबर पर दुख जताया. उन्होंने बताया कि प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *