shahjahanpur news

Shahjahanpur News: सुबह दौड़ लगाने निकलीं दो सहेलियां, एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले शव; गांव में मचा हड़कंप

Shahjahanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां दो नाबालिग सहेलियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सोमवार सुबह दोनों के शव गांव के बाहर एक ही जामुन के पेड़ से लटके मिले. बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियां रोज की तरह सुबह दौड़ लगाने के लिए घर से निकली थीं लेकिन कुछ घंटे बाद उनकी मौत की खबर ने परिवारों को झकझोर कर रख दिया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई. फिलहाल दोनों की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है.

पेड़ पर लटके मिले शव

यह पूरा मामला शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोरियां एक ही गांव की रहने वाली थीं और काफी समय से उनकी गहरी दोस्ती थी. सोमवार तड़के भी वे रोजाना की तरह घर से दौड़ लगाने के लिए निकली थीं. सुबह करीब 6:30 बजे गांव के पूर्वी हिस्से में ग्राम समाज की जमीन पर लगे जामुन के पेड़ से दोनों के शव लटके दिखाई दिए. दोनों ने अलग-अलग दुपट्टों का इस्तेमाल किया था. जब ग्रामीणों की नजर पेड़ पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया.

साथ दौड़ने जाती थीं दोनों सहेलियां

परिजनों के मुताबिक, दोनों सहेलियों की दिनचर्या लगभग एक जैसी थी. वे रोज सुबह घर से निकलकर दौड़ लगाने जाती थीं. एक किशोरी की मां ने भी बताया कि सोमवार को दोनों सामान्य दिनों की तरह ही घर से निकली थीं. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी गहरी दोस्ती थी और वे फोन पर भी अक्सर लंबी बातचीत करती थीं. 

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

दो किशोरियों की मौत की खबर मिलते ही निगोही थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. सीओ सदर शुभम वर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और परिजनों से बातचीत की.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मौत की असली वजह सामने नहीं आई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. एक साथ दो सहेलियों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है. वहीं गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं.

ये भी पढ़ें: Air Pollution: दिवाली के बाद जहरीली हुई देश की हवा, 1258 पहुंचा AQI; दिल्ली नहीं ये शहर बना प्रदूषण में नंबर-1

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *