कुरुक्षेत्र में गूंजेगी संगठन की ताकत, 9 अगस्त को जुटेंगे अग्रवाल वैश्य समाज के पदाधिकारी

राकेश कथूरिया, कैथल. अग्रवाल वैश्य समाज द्वारा आयोजित किए जा रहे संगठन संवाद कार्यक्रम की श्रृखला में 9 अगस्त को कुरूक्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कैथल में समाज के पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद सिंगला द्वारा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विनोद सिंगला ने बताया कि कुरूक्षेत्र, कैथल और करनाल जिले का यह संगठन संवाद कार्यक्रम 9 अगस्त 2026 (रविवार) को प्रातः 10ः30 बजे जिमखाना क्लब कुरूक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बातया कि अग्रवाल वैश्य समाज द्वारा संगठन को और अधिक सुदृढ़, अनुशासित एवं परिणाममुखी बनाने की दिशा में चल रहे संगठन संवाद कार्यक्रम में तीनों जिलों के सभी प्रमुख पदाधिकारी एक मंच पर एकत्र होकर संगठन की भावी रणनीति तथा कार्यप्रणाली पर विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ इन तीनों जिलो के प्रभारी प्रदीप अग्रवाल एवं सहप्रभारी विकास गोयल भी विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे और संगठनात्मक विषयों पर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि संवाद बैठक का उद्देश्य केवल समीक्षा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पदाधिकारी को उसके दायित्वों के प्रति और अधिक जागरूक एवं सक्रिय बनाना है। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन की कार्यशैली को अधिक प्रभावी बनाने, जिला एवं प्रकोष्ठ स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने, सदस्यता विस्तार, महिला एवं युवा इकाइयों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा समाजहित के सेवा कार्यों को नई गति देने पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन संवाद कार्यक्रम से पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और संवाद को नई मजबूती मिलेगी तथा संगठन को गांव, शहर और विधानसभा स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार होगी। उन्होंने सभी आमंत्रित पदाधिकारियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *