datia politics

Datia Politics: परिणाम से पहले कांग्रेस में बड़ा विस्फोट! पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पार्टी से निष्कासित, बीजेपी ने कसा तंज

शब्बीर अहमद, भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना से महज कुछ घंटे पहले मध्य प्रदेश की सियासत में बड़ा भूचाल आ गया है। कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनहीनता और भीतरघात के गंभीर आरोपों में अपने वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई दतिया से कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की शिकायत और आरोपों के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की गई है।

प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने लगाए थे भीतरघात के आरोप

दतिया उपचुनाव के मतदान के बाद से ही कांग्रेस के भीतर अंतर्कलह की खबरें सामने आ रही थीं। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने पार्टी हाईकमान से लिखित शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि चुनाव के दौरान राजेंद्र भारती और उनके समर्थकों ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम किया और भीतरघात को बढ़ावा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चुनाव परिणाम आने से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने यह बड़ा कदम उठाकर अनुशासनहीनता का कड़ा संदेश देने की कोशिश की है।

कांग्रेस ने हार से पहले ही रिलीज कर दिया ट्रेलर- BJP

कांग्रेस की इस कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता आशीष उषा अग्रवाल ने तंज कसते हुए कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना कल है लेकिन कांग्रेस ने अपनी हार का ‘ट्रेलर’ आज ही रिलीज़ कर दिया है। राजेंद्र भारती का निलंबन यह साफ बता रहा है कि कांग्रेस में चुनाव हारने से पहले ही बलि का बकरा और दोषी तय कर दिए जाते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *