100

रेलवे स्टेशन से मासूम बच्ची का अपहरण: पुलिस ने खंगाले 100 से ज्यादा फुटेज, चंद घंटों में सुलझाया मामला

कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर डेढ़ साल की मासूम बच्ची के अपहरण का मामला महज कुछ घंटों में सुलझ गया। 3 अगस्त की रात बुंदेलखंड एक्सप्रेस से सफर कर रही महिला का ध्यान भटकाकर एक शख्स बच्ची को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आखिरकार बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में संजय राय और शिवानी राय नाम के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्हें बच्ची अच्छी लगी,इसलिए वे उसे अपने साथ ले आए थे।

घटना बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन में ग्वालियर रेलवे स्टेशन की है,जहां एक अनीता नाम की महिला जो प्रयागराज जा रही थी। उसका ध्यान भटकाकर डेढ़ साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। स्टेशन परिसर और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। 

जांच में एक युवक और महिला बच्ची को स्कूटी पर ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सबूतों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गांधीनगर स्थित पीर मोहब्बत दरगाह के पास एक अपार्टमेंट में दबिश देकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने संजय राय और शिवानी राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया,लेकिन शादी का कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच में सामने आया कि संजय पहले से शादीशुदा है और पिछले पांच वर्षों से अपनी पहली पत्नी से अलग रह रहा है। वहीं शिवानी भी अपने पहले पति को छोड़कर पिछले पांच साल से संजय के साथ रह रही थी। 

पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें बच्ची पसंद आ गई थी, इसलिए उसे अपने साथ ले आए। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों का किसी संगठित गिरोह से कोई संबंध है या यह वारदात केवल बच्ची को अपने पास रखने की मंशा से की गई थी।

जीआरपी का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बच्ची के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *