सावन में प्राचीन मंदिर से शिवलिंग चोरी, देर रात उखाड़कर ले गए चोर, श्रद्धालुओं में आक्रोश

न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। श्रावण मास के शुभ अवसर पर अनूपपुर जिले के फुनगा पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत कदमटोला के प्रसिद्ध एवं प्राचीन मडदेउरा धाम से शिवलिंग चोरी होने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। धार्मिक आस्था के केंद्र माने जाने वाले इस मंदिर से अज्ञात चोर देर रात शिवलिंग उखाड़कर ले गए, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जब श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर से शिवलिंग गायब मिला। प्रथम सावन के पावन अवसर पर हुई इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में इकठ्ठा हो गए और घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मडदेउरा धाम का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। हालांकि इसके निर्माण काल की कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन जनश्रुतियों के अनुसार यहां कभी पत्थरों से निर्मित एक भव्य मंदिर हुआ करता था। समय के साथ वह मंदिर धराशायी होकर जमीन में समा गया, जिसके अवशेष स्वरूप बड़े-बड़े पत्थर आज भी मंदिर परिसर में मौजूद हैं। यही कारण है कि यह स्थल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि घटना को किसी असामाजिक तत्व या सुनियोजित गिरोह ने अंजाम दिया है। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग को जल्द बरामद कर आरोपियों की गिरफ्तारी करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रथम सावन पर हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक, आक्रोश और असुरक्षा का वातावरण पैदा कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *