jee mains

पटना में JEE Mains की तैयारी कर रहे छात्र ने की खुदकुशी, फंदे के सहारे लटका मिला शव

JEE Student Suicide: राजधानी पटना से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां कंकड़बाग थाना इलाके में JEE Mains की तैयारी कर रहे एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। मृतक छात्र की पहचान 18 वर्षीय सत्यम उर्फ उत्कर्ष कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली जिले के महुआ का रहने वाला था। हॉस्टल के कमरे में उसका शव पंखे से सहारे फंदे से झूलता हुआ मिला। घटना का पता चलते ही हॉस्टल समेत आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।

JEE Mains की तैयारी कर रहा था छात्र

मृतक छात्र पटना के एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर इंजीनियरिंग ( JEE Mains) प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सत्यम ने कोचिंग भी ज्वाइन किया था। घटना का खुलासा तब हुआ, जब छात्र ने काफी देर तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। बार-बार उसे आवाज लगाने पर भी जब कमरे के अंदर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई तो, लोगों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। अंत में जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। छात्र का शव पंखे के सहारे कमरे में झूल रहा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

जांच के लिए पहुंची FSL की टीम

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया, जिसने मौके से कुछ जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए और उसे जांच के लिए भेजा, ताकि खुदकुशी के सही और सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। छात्र ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया? इसके पीछे पढ़ाई का तनाव था या फिर कोई अन्य कारण? पुलिस इन सभी वजहों की तलाश में जुटी हुई है।

परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक छात्र के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के पटना पहुंचने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद छात्र के मौत की वजह अधिक स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस ने हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्रों और प्रबंधन से भी पूछताछ की है।

ये भी पढ़ें- 1 लाख का इनामी कुख्यात अपराधी मनिंद्र मिश्रा UP से गिरफ्तार, जल्द लाया जाएगा बिहार

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *