bjp

बांकीपुर में हार के बाद BJP में घमासान: पार्टी नेता मुकेश निषाद ने मांगा केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा

कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव में मिली करारी हार को भाजपा पचा नहीं पा रही है। उपचुनाव परिणाम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनावी नतीजों के बाद पार्टी की हार को लेकर अंदरूनी सवाल उठने लगे हैं और नेताओं के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई है।

मुकेश निषाद ने केंद्रीय मंत्री पर साधा निशाना

भाजपा नेता मुकेश निषाद ने पार्टी के स्टार प्रचारक और केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें चुनावी हार के लिए नैतिक जिम्मेदारी लेने की सलाह दी है।

मुकेश निषाद ने कहा कि पार्टी ने जिन नेताओं को स्टार प्रचारक बनाकर चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी, उनसे अब जवाब मांगा जाना चाहिए। उनका आरोप है कि निषाद (मलाह) समाज का बड़ा वोट बैंक इस चुनाव में प्रशांत किशोर के पक्ष में चला गया, जिससे बीजेपी को नुकसान उठाना पड़ा।

‘राजभूषण चौधरी निषाद को इस्तीफा देना चाहिए’

मुकेश निषाद ने कहा कि, “जब पार्टी ने आपको समाज का प्रतिनिधि मानते हुए स्टार प्रचारक बनाया था, तब समाज का समर्थन बीजेपी के पक्ष में नहीं आया। ऐसे में केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।”

उनके इस बयान के बाद बीजेपी के भीतर राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की संभावना है। हालांकि, इस मामले में केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद या बीजेपी नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम

जन सुराज के प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले।
भाजपा के नीरज सिन्हा को 44,827 वोट मिले।
राजद की रेखा गुप्ता को 14,273 वोट मिले।

गौरतलब है कि पटना की चर्चित सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा बीते 30 सालों से चुनाव जीतती आ रही थी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इससे पहले लगातार 5 बार इसी सीट से विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे, जबकि उससे पहले उनके पिता ने इस सीट पर लगातार जीत हासिल की थी। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी नितिन नबीन चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे, लेकिन उनके राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा का हार का सामना करना पड़ा। भाजपा से नीरज सिन्हा मैदान में थे।

ये भी पढ़ें- ‘हर जगह यही हाल होगा’, बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार पर अनंत सिंह का बड़ा बयान

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *