25 साल से मजदूर बनकर छिप रहा था कातिल, फिर पुलिस भी बन गई ठेकेदार, आरोपी को ऐसे दबोचा

इंद्रपाल सिंह, इटारसी। पथरौटा पुलिस ने साल 2001 के चर्चित हत्याकांड के आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस बार वर्दी नहीं, बल्कि ठेकेदार का रूप धारण किया और मजदूरी करने वाले आरोपी तक पहुंचकर उसे दबोच लिया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और उस पर स्थायी वारंट भी जारी था।

मामला पथरौटा थाना क्षेत्र का है। वर्ष 2001 में रेलवे लाइन के पास नाला मोहल्ला झुग्गी बस्ती में रहने वाले देवी प्रसाद उर्फ गोटू का शव बरामद हुआ था। जांच में सामने आया था कि उसकी डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में राजाराम गोंड को आरोपी बनाया था, लेकिन वारदात के बाद वह फरार हो गया। करीब 25 वर्षों तक पुलिस उसकी तलाश करती रही, लेकिन हर बार वह हाथ नहीं आया।

हाल ही में पथरौटा थाना प्रभारी मोनिका गौर की टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। पता चला कि वह बैतूल जिले के डाबरी गांव में मजदूरी कर रहा है। लेकिन पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी पुलिस की वर्दी देखते ही भाग जाता है। ऐसे में टीम ने नई रणनीति बनाई। पुलिसकर्मी भवन निर्माण के ठेकेदार बनकर गांव पहुंचे। 

ग्रामीणों से मजदूर की तलाश के बहाने जानकारी जुटाई और फिर सीधे आरोपी के घर पहुंच गए। बातचीत के दौरान ही पुलिस ने राजाराम गोंड को दबोच लिया। 25 साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *