chakradharpur railway news

Chakradharpur Railway News: विकास कार्यों के चलते कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी; टाटानगर समेत इन स्टेशनों पर सबसे ज्यादा असर

Chakradharpur Railway News: चक्रधरपुर मंडल में कई ट्रेनें रद्द, राजधानी एक्सप्रेस का बदला रूट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में चल रहे विकास कार्यों और ट्रैक मेंटेनेंस के कारण बड़ी संख्या में ट्रेनों के रद्द, शॉर्ट-टर्मिनेट और मार्ग परिवर्तन से यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर रोलिंग ब्लॉक और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते दर्जनों लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है।

इसका सबसे अधिक असर टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा और आसपास के क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों पर पड़ रहा है।

लोकल यात्रियों की बढ़ी परेशानी

लोकल और मेमू ट्रेनों के अचानक रद्द होने से हजारों यात्रियों को बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रा खर्च भी बढ़ गया है। कई यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन रद्द होने की जानकारी मिल रही है। इसके चलते आरक्षण केंद्रों पर टिकट रद्द कराने और रिफंड लेने वालों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, बंडामुंडा-राउरकेला के बीच पांचवीं रेल लाइन, ट्रैक दोहरीकरण और नियमित मेंटेनेंस के लिए ब्लॉक लिया गया है।

प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित

विकास कार्यों के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। हावड़ा एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस और अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है।

3 से 9 अगस्त तक 11 मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

आद्रा रेल मंडल में विकास कार्य के चलते 3 से 9 अगस्त तक ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान 11 मेमू ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। वहीं, 12 एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य से पहले आद्रा, महुदा और पुरुलिया स्टेशनों पर ही यात्रा समाप्त करेंगी और वहीं से वापस संचालित होंगी।

साउथ बिहार एक्सप्रेस का बदला रूट

श्रावणी मेले के दौरान अगस्त माह के प्रत्येक गुरुवार को आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस चांडिल-कांड्रा-सीनी मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन टाटानगर स्टेशन नहीं पहुंचेगी। हालांकि प्रत्येक शुक्रवार को दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस अपने नियमित मार्ग से चलेगी।

राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन

बालेश्वर स्टेशन पर विकास कार्य के कारण नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस और आनंद विहार-पुरी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *