chatra news 3700

Chatra News: धान के भूसे में छिपाकर बिहार भेजी जा रही 3700 बोतल विदेशी शराब जब्त, 16 लाख की खेप बरामद

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। शराब की खेप को ट्रक में धान के भूसे के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था। वाहन जांच के दौरान चालक ने पुलिस को कुचलने की कोशिश की, लेकिन पीछा किए जाने पर ट्रक पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस को देखकर भागा चालक, कुचलने की भी कोशिश

सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुअनि राहुल सिंह, सअनि रवि रंजन कुमार और प्रवीण कुमार की टीम ने शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक पहुंचा। पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए फरार हो गया।

पीछा करने पर पलटा ट्रक, सड़क पर बिखर गई शराब

पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा किया। संघरी घाटी मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें धान के भूसे के नीचे बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां छिपी मिलीं। ट्रक पलटने के कारण भूसा हट गया और विदेशी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब को भूसे के अंदर छिपाया था।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने ट्रक से कुल 3700 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। फरार चालक और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *