8216 mirzapur movie

‘दो नंबरी’ गाने ने बढ़ाया Mirzapur The Movie का क्रेज, 11 अगस्त को आएगा ट्रेलर

ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। वेब सीरीज के तीन सफल सीजन के बाद अब मेकर्स दर्शकों के सामने ‘मिर्जापुर द मूवी’ (Mirzapur The Movie) लेकर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया जाएगा, जबकि इससे पहले मेकर्स ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ाने के लिए फिल्म का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज कर दिया है। यह गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और दर्शकों को एक बार फिर मिर्जापुर की उसी दमदार दुनिया की झलक देखने को मिली है।

गाने को किसने दी आवाज

4 जुलाई को रिलीज हुए ‘दो नंबरी’ गाने को मशहूर हिप-हॉप आर्टिस्ट प्रवीण ढांडा, जिन्हें फैंस ढांडा न्योलीवाला के नाम से जानते हैं, ने अपनी आवाज दी है। खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ गाना ही नहीं गाया, बल्कि इसके बोल भी खुद लिखे हैं और इसका म्यूजिक भी तैयार किया है। गाने का स्टाइल और बीट्स मिर्जापुर के रफ-टफ माहौल से पूरी तरह मेल खाते हैं, जिसकी वजह से इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

खास अंदाज़ में परफॉर्म

गाने के म्यूजिक वीडियो में ढांडा न्योलीवाला अपने खास अंदाज में परफॉर्म करते नजर आते हैं। वहीं बीच-बीच में फिल्म के कई अहम किरदारों की झलक भी दिखाई गई है। वीडियो में मुन्ना भैया के रोल में दिव्येंदु शर्मा, गुड्डू भैया के किरदार में अली फजल और कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा रति शंकर शुक्ला के किरदार में शुभ्रज्योति बारट की भी झलक देखने को मिलती है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

नई स्टारकास्ट है खास

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी नई स्टार कास्ट भी है। इस बार अभिनेता रवि किशन भी फिल्म का हिस्सा बने हैं। हालांकि वे वेब सीरीज के किसी भी सीजन में नजर नहीं आए थे, लेकिन फिल्म में उनकी एंट्री को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके अलावा ‘पंचायत’ में सचिव जी के किरदार से लोकप्रिय हुए जितेंद्र कुमार भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे बबलू पंडित का किरदार निभाएंगे और इस रोल में उन्होंने विक्रांत मैसी की जगह ली है। वहीं फिल्म में अभिनेत्री सोनल चौहान की भी एंट्री हुई है, जिससे कहानी में नया ट्विस्ट देखने की उम्मीद की जा रही है।

25 जून को आया था टीजर

गौरतलब है कि 25 जून को फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। टीजर में पुराने किरदारों की वापसी और नए चेहरों की झलक ने फिल्म को लेकर जबरदस्त माहौल बना दिया था। अब 11 अगस्त को आने वाले ट्रेलर से उम्मीद की जा रही है कि फिल्म की कहानी और एक्शन की और भी बड़ी झलक देखने को मिलेगी।

कब होगी रिलीज

‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इसके तीनों सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था और यही वजह है कि फिल्म से भी काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मुन्ना भैया, कालीन भैया और गुड्डू भैया का वही पुराना भौकाल बड़े पर्दे पर भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितना सफल रहता है और क्या यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी वेब सीरीज जैसी लोकप्रियता हासिल कर पाएगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *