हाईवे पर हंगामा, कांवड़िए की कार पर लाठी-डंडों से हमला; एक आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार से कांवड़ लेकर हरियाणा लौट रहे एक कांवड़िए के साथ मंगलौर में मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। बताया गया कि रास्ते में उसकी कार की टक्कर से एक कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद स्थानीय युवकों ने कार को चारों ओर से घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, मामला दर्ज किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

टक्कर के बाद घिरी कार, जमकर की गई तोड़फोड़

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे हरियाणा के कांवड़िए की एस्प्रेसो कार की टक्कर से एक कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने कार को चारों तरफ से घेर लिया।

आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों से कार पर हमला कर दिया। कार के सभी शीशे तोड़ दिए गए। इतना ही नहीं, एक युवक कार की छत पर चढ़कर कूदता रहा, जिससे छत भी पिचक गई। कार का पिछला दरवाजा भी मोड़ दिया गया।

विरोध करने पर चालक को कार से बाहर खींचा

पीड़ित ने जब तोड़फोड़ का विरोध किया तो उसे कार से बाहर खींच लिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना का वीडियो आया सामने

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग एस्प्रेसो कार पर लाठियां बरसाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार को नुकसान पहुंचाते हुए भी देखा जा सकता है।

देर रात तक हाईवे पर हंगामा

घटना के बाद नेशनल हाईवे-58 पर देर रात तक हंगामा चलता रहा। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, एक आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। तोड़फोड़ के आरोपी स्थानीय युवक राजा उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *