महापौर रेणु बाला गुप्ता ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, त्वरित समाधान और विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही ज्यादातर मामलों में मौके पर ही उचित समाधान करवाते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, सड़कों तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषय महापौर के समक्ष रखे। इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, बेहतर सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

नागरिकों से मांगे सुझाव

महापौर ने कहा कि जनता का विश्वास और उनके सुझाव ही शहर के समग्र विकास की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों से नगर निगम को अवश्य अवगत कराएं, ताकि जनसहभागिता के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक सहयोग से करनाल को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में नई पहचान दिलाई जाएगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *