mla

EO हत्याकांड मामले में MLA सोनू सिंह का बड़ा खुलासा, बोले- कल शाम को हुई थी मुलाकात

अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। डेहरी ईओ विमल कुमार हत्याकांड को लेकर उनकी पत्नी बबीता ने डेहरी के वर्तमान विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि, डेहरी के लोजपा (रामविलास) के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह उनके पति से कभी 25 तो कभी 50 लाख रुपए की डिमांड करते थे। विधायक रात दिन उन्हें फोन कर परेशान करते थे। वहीं, अब इन आरोपों पर विधायक सोनू सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।

कल शाम को हुई थी मुलाकात- सोनू सिंह

विधायक सोनू सिंह ने मीडिया के सामने उपस्थित होकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि, उनकी पत्नी द्वारा लगाए गए सभी तरह के आरोपों का वे खंडन करते हैं। उन्होंने कहा कि, उनकी पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। कल शाम में डेहरी में आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार से उनकी मुलाकात भी हुई थी, बातचीत भी हुई थी। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से किसी भी तरह के विवाद या तनाव से इंकार किया और कहा कि आम जनता के काम के लिए वह कभी-कभी ईओ साहब को फोन कर लिया करते थे।

पैसे मांगने के आरोपों को किया खारिज

वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी की पत्नी द्वारा विधायक पर लाखों रुपए मांगने का आरोप लगाने पर विधायक सोनू सिंह ने कहा कि, वह इस तरह की बातें कर ही नहीं सकते हैं। उनका कहना है कि नगर परिषद के राजनीति के तहत कुछ लोग उन्हें बदनाम करने के लिए इस तरह के हथकंडे का सहारा ले रहे हैं। लेकिन उनकी पूरी संवेदना परिवार के साथ है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

ड्राइवर ने कबूली हत्या की बात, गिरफ्तार

उधर दूसरी ओर पुलिस ने मामले में ईओ विमल कुमार के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर ने ही कार्यपालक अधिकारी की लोहे के राड से हमला कर उनकी हत्या कर दी और बाद में पुलिस को यह सूचना दी की बाइक सवार अपराधियों ने हमला कर ईओ की हत्या की है। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर और ईओ अधिकारी के बीच अच्छे रिश्ते नहीं थे और पहले भी दोनों में झगड़े हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर चाकू से हमला, बोले-…तो आज मैं खत्म हो जाता

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *