हाईटेक हुई यूपी विधानसभा: सीएम योगी ने डिजिटल लाइब्रेरी और पॉडकास्ट स्टूडियो का किया शुभारंभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले विधान भवन को आधुनिक तकनीक और नए स्वरूप की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विधान भवन पहुंचकर डिजिटल लाइब्रेरी, नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो, विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य और मुख्य भवन के भूतल पर बने नवीनीकृत कॉरिडोर सहित कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

इन नई सुविधाओं का उद्देश्य विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक, तकनीक-संपन्न और जनसुलभ बनाना है।

पॉडकास्ट स्टूडियो का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य और नवीनीकृत कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विधानसभा परिसर में तैयार किए गए अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो का निरीक्षण किया।

यहां भविष्य में विधानसभा की गतिविधियों, जनहित के विषयों और लोकतांत्रिक संवाद को डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

हेलीकॉप्टर थीम मॉडल का अवलोकन

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर की थीम पर तैयार विशेष मॉडल का भी अवलोकन किया। इस मॉडल में उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने इन प्रदर्शनों की सराहना करते हुए उन्हें प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।

सदन की व्यवस्थाओं का जायजा

इसके बाद मुख्यमंत्री सदन के भीतर भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विधानसभा की नई तकनीकी सुविधाओं और आधुनिक संसाधनों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

कई वरिष्ठ मंत्री रहे मौजूद

इससे पूर्व विधानसभा पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *